ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

स्वतंत्रता दिवस पर नशामुक्ति का संकल्प — सुकन्या संकल्प निकेतन में गूंजा देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश

काटी/गोंदिया :-  सुकन्या संकल्प निकेतन माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय, काटी में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान सम्माननीय प्रधानमंत्रीजी के स्वतंत्रता दिवस के आह्वान से प्रेरित होकर विद्यालय द्वारा तिरंगा एवं नशामुक्ति जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं नशामुक्ति से जुड़े संदेशों के माध्यम से ग्रामवासियों को जागरूक किया। रैली के दौरान “नशामुक्त समाज, सशक्त समाज” तथा राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र, गोंदिया की संचालिका राजयोगिनी रत्नमाला दीदी के हस्ते ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत प्रस्तुत किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने आकर्षक परेड, कवायत एवं देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र, तिरोड़ा की संचालिका रूपा दीदी, जिला समन्वयक बी.के. विनोद हरिणखेड़े सर, जिला परिषद क्षेत्र काटी की सदस्य सुश्री आनंदाताई वाढीवा, पंचायत समिति सदस्य जीतेश्वरी रहांगडाले, काटी केंद्र के नवनियुक्त केंद्र प्रमुख श्री एच.बी. रहांगडाले सर, ग्राम पंचायत प्रशासक सुश्री सुषमाताई ऊके, ग्राम पंचायत काटी के ग्रामविकास अधिकारी श्री कुलदीप एम. कापगते, धनंजयभाऊ तुरकर, तंटामुक्ति समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्रजी परिमल, मितारामजी भोयर, रमेशभाऊ तुरकर, अनिलभाऊ मते, यादवरावभाऊ बिसेन, अमृतभाऊ तुरकर, विद्यालय के संचालक गजेंद्रजी फूंडे, वरिष्ठ शिक्षक ए.एम. सेलुकर एवं प्राचार्य डी.एस. बहेकार सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी एवं पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत उपस्थित सभी लोगों ने “नशामुक्त समाज, सशक्त समाज” का संकल्प लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रण लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल विदेशी शासन से मुक्ति नहीं, बल्कि समाज को नशा, अंधविश्वास एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्त करना भी है। युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, संस्कारी एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। तिरंगा एवं नशामुक्ति रैली में विद्यार्थियों, पालकों एवं ग्रामवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, जिसके पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment